-373 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा, नशामुक्त बिहार का लिया संकल्प
मुजफ्फरपुर। सरकार के निर्देश के आलोक में 2 अक्टूबर को जिले की सभी 373 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
ग्राम सभा में ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP), स्थानीय समस्याओं और विकास की प्राथमिकताओं पर चर्चा की गई। पंचायत सचिवों ने योजनाओं और Reform Utsav के उद्देश्यों की जानकारी दी। ग्रामीणों से सुझाव लेकर उन्हें पंचायत विकास योजना से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई।

इस दौरान प्रत्येक पंचायत में Reform Utsav के तहत सुधार एवं विकास को लेकर लोगों से संवाद किया गया। साथ ही नशामुक्त बिहार अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम और शपथ ग्रहण कराया गया। जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों और ग्रामीणों ने “नशा नहीं करेंगे और नशे से दूर रहेंगे” का संकल्प लिया। बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने तथा इसके सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
ग्राम सभा में ठोस कचरा प्रबंधन, कचरे को स्रोत पर चार प्रकार से अलग करने और स्वच्छता व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम सभाओं में प्राप्त सुझावों को स्थानीय विकास योजनाओं से जोड़कर जनहित में कार्रवाई की जाएगी।











