-रेवा घाट के जंगली माई स्थान के पास बोरे में मिला युवती का शव, हत्या की आशंका
मुजफ्फरपुर/सरैया। मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र स्थित रेवा घाट के जंगली माई स्थान मंदिर के पास शुक्रवार सुबह बोरे में बंद एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। उसके चेहरे पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं। सूचना के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह मंदिर के पास एक लावारिस बोरा पड़ा हुआ था। बोरे से तेज दुर्गंध आने पर लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सरैया थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बोरा खुलवाया, जिसके अंदर युवती का शव बरामद हुआ।

सरैया एसडीपीओ अभिजित कौर ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया हत्या कर शव को यहां लाकर फेंके जाने की आशंका है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर के निर्देश पर पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस शव की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।











