Advertisement

गंडक की बाढ़ में बहकर पारू पहुंचे हिरण और उनके बच्चे, ग्रामीणों ने बचाया; वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

-गंडक की बाढ़ में बहकर पारू पहुंचे हिरण और उनके बच्चे, ग्रामीणों ने बचाया; वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

मुजफ्फरपुर। गंडक नदी में आई बाढ़ के पानी के तेज बहाव के साथ कई हिरण और उनके बच्चे मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र के आसपास पहुंच गए। हिरणों को इलाके में देख ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित पकड़कर रखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी हिरणों एवं उनके बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
बताया गया कि बाढ़ के पानी के साथ बहकर हिरण आबादी वाले इलाके में पहुंच गए थे। ग्रामीणों ने उन्हें देखा तो तेज बहाव में दोबारा बहने से बचाने के लिए सुरक्षित स्थान पर रखा। इसके बाद वन विभाग को इसकी जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर साहेबगंज वन क्षेत्र पदाधिकारी विकास कुमार पांडे के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

रेस्क्यू टीम ने अलग-अलग स्थानों पर मौजूद हिरणों और उनके बच्चों को सावधानीपूर्वक अपने कब्जे में लिया। रेस्क्यू के दौरान वन्यजीवों को किसी तरह की चोट न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा गया।
वन विभाग के अनुसार, रेस्क्यू किए गए हिरणों और उनके बच्चों को आगे वाल्मीकिनगर, बेतिया ले जाया जाएगा, जहां उन्हें सुरक्षित वन क्षेत्र में रखने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
रेस्क्यू अभियान में रेस्क्यू प्रभारी नितिन चंद्रा, वनरक्षी सूरज कुमार, वनरक्षी रॉबिंस कुमार सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे। बाढ़ के दौरान सुरक्षित स्थान की तलाश में वन्यजीवों के आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने की घटनाएं सामने आती हैं। ग्रामीणों की तत्परता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से इन हिरणों को सुरक्षित बचाया जा सका।