Advertisement

Breaking:प्रधानाध्यापक विनय कुमार मंडल के निधन से शिवदाहा में शोक

-Breaking:प्रधानाध्यापक विनय कुमार मंडल के निधन से शिवदाहा में शोक

दीपक कुमार/गायघाट। शिवदाहा निवासी एवं राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनय कुमार मंडल (47) के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। शिक्षक, छात्र, ग्रामीण और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

परिजनों के अनुसार, विनय कुमार मंडल पिछले करीब तीन महीने से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा था। इलाज के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से उनका निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके आवास पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।

विनय कुमार मंडल ने शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं। प्रधानाध्यापक के रूप में उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को जिम्मेदारीपूर्वक संभाला। उनके सहज व्यवहार, मिलनसार व्यक्तित्व और कर्तव्यनिष्ठा के कारण वे शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों के बीच सम्मानित थे।

ग्रामीण विजय कुमार राय एवं संतोष यादव ने उनके निधन को शिक्षा जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि विनय कुमार मंडल का सरल स्वभाव और शिक्षा के प्रति समर्पण लोगों को लंबे समय तक याद रहेगा।

उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।