Advertisement

PM आवास योजना की नई सूची से नाम गायब, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

-PM आवास योजना की नई सूची से नाम गायब, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

-बन्दरा प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, सूची की दोबारा जांच की मांग

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की नई और अंतिम प्रतीक्षा सूची जारी होने के बाद पात्र लाभुकों के नाम गायब होने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है। सोमवार को बन्दरा प्रखंड मुख्यालय परिसर में पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि बड़ी संख्या में गरीब परिवारों के नाम अंतिम सूची में नहीं हैं, जबकि सर्वे के दौरान उनका नाम दर्ज किया गया था और पंचायत जनप्रतिनिधियों की ओर से योजना का लाभ मिलने का आश्वासन भी दिया गया था।

ग्रामीणों का कहना है कि आवास प्लस सर्वे एवं भौतिक सत्यापन के बाद कई नाम अंतिम सूची से हटा दिए गए हैं। सत्यापन के दौरान पक्का मकान पाए जाने, परिवार के किसी सदस्य के सरकारी नौकरी में होने, चार पहिया वाहन होने या अन्य निर्धारित पात्रता मानकों को पूरा नहीं करने की स्थिति में नाम हटाए जाने की बात सामने आ रही है।

वहीं, कुछ ग्रामीण तकनीकी गड़बड़ी और सॉफ्टवेयर से जुड़ी समस्याओं का भी आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि सर्वे के समय नाम दर्ज होने के बावजूद अंतिम सूची में नाम नहीं है। इससे वास्तविक रूप से जरूरतमंद परिवारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

नाम सूची से गायब होने को लेकर कई स्थानों पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। बन्दरा प्रखंड मुख्यालय पहुंचे लोगों ने सूची की दोबारा जांच कर पात्र लाभुकों के नाम शामिल करने की मांग की। कई जगह वार्ड सदस्यों और स्थानीय मुखिया के प्रति भी ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।

ग्रामीणों की मांग है कि अंतिम सूची को लेकर पारदर्शी तरीके से पात्रता की पुनः जांच कराई जाए, ताकि किसी वास्तविक जरूरतमंद परिवार को आवास योजना के लाभ से वंचित नहीं होना पड़े।