Advertisement

जनशक्ति विकास मंच का गठन, जनसेवा और क्षेत्रीय विकास को लेकर युवाओं ने लिया संकल्प

-जनशक्ति विकास मंच का गठन, जनसेवा और क्षेत्रीय विकास को लेकर युवाओं ने लिया संकल्प

दीपक कुमार/गायघाट। गायघाट विधानसभा क्षेत्र के कटरा पंचायत भवन में रविवार को युवाओं की पहल पर जनशक्ति विकास मंच की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मंच के संयोजक आदित्य कुमार साहिल की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन के विस्तार, जनसेवा और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता की जाएगी। स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाली छोटी-बड़ी जनसमस्याओं के समाधान के लिए भी त्वरित पहल की जाएगी। संगठन को मजबूत बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक प्रखंड में जल्द ही कोर टीम गठित करने और अधिक से अधिक युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को मंच से जोड़ने पर सहमति बनी।


बैठक में संगठन को अनुशासित और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने का संकल्प लिया गया। तय किया गया कि प्रत्येक महीने के पहले रविवार को सक्रिय सदस्यों की बैठक होगी। इसमें क्षेत्र की जनसमस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
मंच के सदस्यों ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना संगठन का प्रमुख उद्देश्य होगा। बैठक में जयशंकर कुंवर, हर्ष सहनी, नीरज सोनू समेत कई सदस्य मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने जनसेवा को संगठन का मुख्य संकल्प बताते हुए क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।