-खराब मौसम बना बाधा, मोतिहारी में वायुसेना का एयर शो स्थगित
मोतिहारी, राजन द्विवेदी। मोतिहारी में शनिवार को प्रस्तावित भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम का बहुप्रतीक्षित एयर शो खराब मौसम के कारण स्थगित कर दिया गया। एयर शो को लेकर शहर में लोगों में खासा उत्साह था, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते वायुसेना के विमानों की उड़ान संभव नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार, सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के विमानों को कुशीनगर से टेकऑफ करना था। कुशीनगर में लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण विमानों के उड़ान भरने में बाधा उत्पन्न हुई। सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता देते हुए वायुसेना ने एयर शो को स्थगित करने का निर्णय लिया।

सांसद राधा मोहन सिंह ने कुशीनगर में खराब मौसम का वीडियो साझा कर स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मौसम की प्रतिकूलता के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयर शो स्थगित किया गया है।
सांसद ने एयर शो को लेकर मोतिहारी की जनता में दिखे अभूतपूर्व उत्साह और प्रेम के लिए आभार जताया। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम स्थगित होने की स्थिति में लोगों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने के लिए धन्यवाद दिया।












