Advertisement

नेपाल की बारिश से बागमती उफान पर, खतरे के निशान के पार पहुंचा पानी; पीपा पुल बंद

-नेपाल की बारिश से बागमती उफान पर, खतरे के निशान के पार पहुंचा पानी; पीपा पुल बंद

मुजफ्फरपुर। नेपाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब मुजफ्फरपुर में बागमती नदी के जलस्तर पर दिखाई देने लगा है। नेपाल से पानी आने के बाद बागमती नदी उफान पर है और कई स्थानों पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि के कारण नदी किनारे बसे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

बागमती के बढ़ते जलस्तर का सीधा असर आवागमन पर भी पड़ा है। कटरा और बकुची को जोड़ने वाले पीपा पुल पर पानी के बढ़ते दबाव और संभावित खतरे को देखते हुए आवाजाही बंद कर दी गई है। पुल बंद होने से आसपास के दर्जनों पंचायतों के लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

नदी का पानी लगातार बढ़ने से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को अब बाढ़ की आशंका सताने लगी है। खेत-खलिहानों और निचले क्षेत्रों में पानी फैलने की स्थिति में जनजीवन के साथ-साथ फसल और आवागमन पर भी असर पड़ सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो स्थिति गंभीर हो सकती है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों पर नजर रखे जाने और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। बागमती के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के बीच नदी किनारे बसे लोगों की निगाहें अब पानी के घटने-बढ़ने पर टिकी हैं।