Advertisement

भारी बारिश के पूर्वानुमान को लेकर बिहार में अलर्ट, मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय समीक्षा

-भारी बारिश के पूर्वानुमान को लेकर बिहार में अलर्ट, मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय समीक्षा

पटना। नेपाल के तराई क्षेत्र में गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर बिहार में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संभावित स्थिति को देखते हुए गंडक, बागमती और कोसी नदी तंत्र से जुड़े संवेदनशील जिलों को अलर्ट मोड में रहने और सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
आपदा प्रबंधन विभाग में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह सहित सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सारण, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।


बैठक में अधिकारियों को नदियों के जलस्तर और प्रवाह, तटबंधों, निचले इलाकों, नदी किनारे बसे गांवों, पुल-पुलियों तथा संपर्क मार्गों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया। कोसी नदी के जलस्तर में गिरावट के बावजूद संबंधित जिलों को सतर्क रहने को कहा गया है।
संभावित आपदा से निपटने के लिए NDRF और SDRF को अलर्ट रहने तथा नाव, लाइफ जैकेट और रेस्क्यू उपकरण समेत आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में माइकिंग के जरिए अग्रिम चेतावनी देने और जरूरत पड़ने पर लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और संसाधनों को स्टैंडबाय मोड में रखने को कहा। उन्होंने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। आपातकालीन सहायता के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के टोल फ्री नंबर 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।