Advertisement

बारिश के बीच गया में पितृपक्ष का महापर्व, विष्णुपद और देवघाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

-बारिश के बीच गया में पितृपक्ष का महापर्व, विष्णुपद और देवघाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

गया। ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी गया में पितृपक्ष का महापर्व श्रद्धा और आस्था के साथ जारी है। अंतःसलिला फल्गु नदी के तट से लेकर विष्णुपद मंदिर क्षेत्र तक देश-विदेश से आए पिंडदानियों की भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु अपने पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना को लेकर विधि-विधान से पिंडदान, तर्पण और श्राद्ध कर्म कर रहे हैं।
मौसम के तेवर के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिख रही है। रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच भी लोग भीगते हुए अपने पूर्वजों के निमित्त धार्मिक अनुष्ठान पूरा कर रहे हैं। सुबह होते ही विष्णुपद क्षेत्र और देवघाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है। पुरोहितों के वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद से घाटों का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार गया में पिंडदान और तर्पण का विशेष महत्व है। इसी आस्था के चलते देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां अपने पूर्वजों के निमित्त पिंडदान करने पहुंच रहे हैं।


श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। विष्णुपद मंदिर, देवघाट और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। भीड़ प्रबंधन के साथ जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। प्रशासनिक टीमें लगातार घाटों और प्रमुख स्थलों का जायजा लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी हैं।
पितृपक्ष के कारण गया की गलियों, चौराहों और घाटों पर धार्मिक गतिविधियां तेज हैं। बारिश के बीच भी पिंडदानियों की अटूट श्रद्धा और आस्था से पूरा गया शहर भक्तिमय नजर आ रहा है।