Advertisement

एसकेएमसीएच में खुले पैसेज में मिले दर्जनों ब्लड सैंपल, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

-एसकेएमसीएच में खुले पैसेज में मिले दर्जनों ब्लड सैंपल, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल एसकेएमसीएच की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में जांच के लिए लाए गए मरीजों के दर्जनों ब्लड सैंपल सुरक्षित स्थान पर रखने के बजाय खुले पैसेज में अव्यवस्थित तरीके से पड़े मिले। इससे मरीजों की जांच और अस्पताल में संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

चिकित्सा मानकों के अनुसार रक्त के नमूनों को निर्धारित तापमान और सुरक्षित परिस्थितियों में रखना जरूरी होता है, ताकि सैंपल की गुणवत्ता प्रभावित न हो और जांच रिपोर्ट सही मिल सके। ऐसे में खुले में रखे सैंपलों के खराब होने की आशंका के साथ-साथ जांच परिणाम प्रभावित होने की चिंता भी जताई जा रही है।

एसकेएमसीएच में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गरीब मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। मरीज घंटों कतार में खड़े होकर रक्त के नमूने देते हैं और बेहतर इलाज की उम्मीद करते हैं। ऐसे में सैंपलों के रखरखाव में कथित लापरवाही से उनकी जांच रिपोर्ट की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा होना गंभीर विषय है। खुले में रक्त के नमूने पड़े रहने से संक्रमण नियंत्रण को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. कुमारी विभा से जानकारी लेने पर उन्होंने विभागाध्यक्ष से पूछताछ करने की बात कही। हालांकि, इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ सकी है।

घटना के बाद मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी है। परिजनों ने जिला प्रशासन और जिलाधिकारी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उच्चस्तरीय जांच कराने और यदि लापरवाही प्रमाणित हो तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही माइक्रोबायोलॉजी विभाग में सैंपल संग्रहण और सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग भी उठाई गई है।