-एसकेजे लॉ कॉलेज में एडमिट कार्ड की गड़बड़ी, परीक्षा से एक दिन पहले छात्रों की बढ़ी परेशानी
मुजफ्फरपुर। एसकेजे लॉ कॉलेज में परीक्षा से एक दिन पहले एडमिट कार्ड को लेकर छात्रों की परेशानी सामने आई। सोमवार को बिहार छात्र संघ की टीम कॉलेज पहुंची, जहां छात्रों ने बताया कि एलएलबी सेकंड सेमेस्टर की परीक्षा मंगलवार से शुरू होनी है, लेकिन जारी किए गए एडमिट कार्ड में कई छात्रों को थर्ड सेमेस्टर का एडमिट कार्ड दे दिया गया है। वहीं, कई छात्रों का एडमिट कार्ड अब तक जारी नहीं हुआ है।
मामले को लेकर बिहार छात्र संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौतम सिंह ने डीएसडब्ल्यू आलोक कुमार से बातचीत कर छात्रों की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की। उन्होंने बचे हुए छात्रों के एडमिट कार्ड तत्काल जारी करने की मांग रखी। डीएसडब्ल्यू ने आश्वासन दिया कि सोमवार को ही किसी भी हाल में जिन छात्रों के एडमिट कार्ड जारी नहीं हुए हैं, उनके एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।

हालांकि, गलत सेमेस्टर का एडमिट कार्ड जारी होने के मामले में तत्काल सुधार नहीं होने की बात सामने आई। इस पर गौतम सिंह ने विश्वविद्यालय की ऑनलाइन पोर्टल व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पोर्टल के माध्यम से कामकाज में लगातार परेशानी हो रही है, जिसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय से पोर्टल की व्यवस्था में सुधार करने अथवा इसे बदलने की मांग की।
इस दौरान अभिषेक, शिवम, विशाल, श्रवण समेत अन्य छात्र मौजूद रहे।











