Advertisement

भूमिहीनों को 5 डिसमिल जमीन देने की मांग, खेग्रामस की विस्तारित बैठक में आंदोलन तेज करने का निर्णय

-भूमिहीनों को 5 डिसमिल जमीन देने की मांग, खेग्रामस की विस्तारित बैठक में आंदोलन तेज करने का निर्णय

मुजफ्फरपुर/बंदरा, 19 सितंबर। प्रखंड के सिमरा में शनिवार को अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) की विस्तारित बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण मजदूरों, भूमिहीनों और गरीब परिवारों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके अधिकारों के लिए आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए खेग्रामस के राज्य सचिव शत्रुधन सहनी ने कहा कि भूमिहीन गरीब परिवारों को उजाड़ने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। सरकार सभी भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए पांच डिसमिल जमीन उपलब्ध कराए। साथ ही वर्षों से जिस जगह गरीब परिवार बसे हुए हैं, उन्हें वहीं बासगीत जमीन का पर्चा देकर उनके आवासीय अधिकार की गारंटी दी जाए।


उन्होंने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के गरीबों को उजाड़ना उचित नहीं है। बैठक में बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ आंदोलन तेज करने, दलित-गरीब परिवारों पर होने वाले हमलों को रोकने तथा पुलिस-अपराधी गठजोड़ के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि गरीबों को उजाड़ने के बजाय सरकार उनके पुनर्वास और स्थायी आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करे।
बैठक में भूमिहीनों, ग्रामीण मजदूरों और गरीब परिवारों की समस्याओं को लेकर गांव-गांव अभियान चलाकर लोगों को संगठित करने और अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में भाकपा (माले) बंदरा प्रखंड कमिटी सदस्य रामबली मेहता, मो. इजरायल, रसीदा खातून, शत्रुधन महतो, बैद्यनाथ सिंह, अनीता देवी, रेणु देवी और महेश महतो समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।