-अभियान बसेरा: पटना सचिवालय में आवेदन देने की जरूरत नहीं, अंचल कार्यालय में ही करें आवेदन
मुजफ्फरपुर। अभियान बसेरा के संबंध में फैल रही भ्रामक सूचनाओं को लेकर जिला प्रशासन ने लोगों को सावधान किया है। प्रशासन के अनुसार कुछ लोगों द्वारा यह अफवाह फैलाई जा रही है कि पटना सचिवालय में जाकर आवेदन देने से बंदोबस्ती की जमीन हासिल करने में आसानी होगी। इस भ्रामक सूचना के कारण विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग पटना पहुंचकर आवेदन जमा कर रहे हैं।
जिला प्रशासन, मुजफ्फरपुर ने स्पष्ट किया है कि अभियान बसेरा के तहत पात्र भूमिहीन परिवारों को आवेदन देने के लिए पटना स्थित राज्य मुख्यालय जाने की कोई आवश्यकता नहीं है। सुयोग्य श्रेणी के लोग अपने संबंधित अंचल कार्यालय में ही आवेदन जमा करें। आवेदन जमा करने के बाद उन्हें तत्काल पावती दी जाएगी और 31 अक्टूबर तक आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि अभियान बसेरा को लेकर केवल सरकार और जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना के आधार पर पटना जाने से बचें। साथ ही बंदोबस्ती के नाम पर किसी दलाल के झांसे में नहीं आने की भी अपील की गई है।
प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति या संस्था द्वारा लोगों को दिग्भ्रमित कर जिलों से पटना मुख्यालय लाने की बात सामने आती है तो ऐसे व्यक्तियों या संस्थाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
अभियान बसेरा के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग के पात्र भूमिहीन परिवारों को वासभूमि का लाभ दिया जाना है। पात्र परिवार बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र के लिए अपने संबंधित अंचल कार्यालय से संपर्क कर आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।












