-Breaking: रेलवे लाइन किनारे झाड़ी में मिला नवजात, रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण ने बचाई जान
राजापाकर, संजय श्रीवास्तव। बरांटी थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे झाड़ी में शनिवार की देर शाम एक नवजात बच्चा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय निवासी अमोद मांझी ने झाड़ी में पहुंचकर उसे बरामद किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब छह बजे एक अज्ञात महिला को रेलवे लाइन के समीप झाड़ी की ओर जाते देखा गया था। करीब एक घंटे बाद वह महिला झाड़ी से निकलकर वहां से चली गई। कुछ देर बाद झाड़ी से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी।

इसी दौरान अमोद मांझी शौच के लिए झाड़ी के पास गए थे। रोने की आवाज सुनकर उन्होंने झाड़ी में खोजबीन की तो वहां नवजात बच्चा पड़ा मिला। अमोद ने बच्चे को अपने गमछे में लपेटकर घर पहुंचाया। इसके बाद दाई और चिकित्सक को बुलाया गया। दाई ने नवजात की नाल काटी, जबकि चिकित्सक ने उसकी जांच कर आवश्यक दवा और इंजेक्शन दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नवजात फिलहाल स्वस्थ है। अमोद मांझी ने बच्चे को अपने पास रखकर उसका पालन-पोषण करने की इच्छा जताई है। वहीं, नवजात को झाड़ी में छोड़कर जाने वाली महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी के बाद महिला की पहचान को लेकर स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।












