Advertisement

बिहार में बाढ़ के बीच राहत की उम्मीद, नदियों के जलस्राव में कमी; 35.89 लाख लोग प्रभावित

-बिहार में बाढ़ के बीच राहत की उम्मीद, नदियों के जलस्राव में कमी; 35.89 लाख लोग प्रभावित

पटना, 8 सितंबर 2026। बिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच प्रमुख नदियों के जलस्राव में कमी और स्थिरता आने से राहत की उम्मीद जगी है। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार कोसी और गंडक नदी के जलस्राव में गिरावट की प्रवृत्ति दर्ज की गई है, जबकि सोन नदी का जलस्राव स्थिर है। हालांकि कई स्थानों पर गंडक, कोसी, बूढ़ी गंडक, गंगा, पुनपुन, बागमती और घाघरा नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

राज्य के 14 जिलों के 82 प्रखंडों की 491 ग्राम पंचायतों में करीब 35.89 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। प्रभावित लोगों के लिए 456 सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं, जहां अब तक 10 लाख से अधिक लोगों को सुबह-शाम भोजन उपलब्ध कराया जा चुका है।

वीरपुर बराज पर मंगलवार शाम छह बजे तक कोसी का जलस्राव 1,61,135 क्यूसेक दर्ज किया गया, जिसकी प्रवृत्ति घटने की है। इंद्रपुरी बराज पर सोन नदी का जलस्राव 1,05,827 क्यूसेक रहा और यह स्थिर है। वहीं वाल्मीकिनगर बराज पर गंडक नदी का जलस्राव 92,900 क्यूसेक दर्ज किया गया, जिसकी प्रवृत्ति भी घटने की है।

भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर 36.80 मीटर दर्ज किया गया है। यह 17 अगस्त 2021 को दर्ज पिछले उच्चतम बाढ़ जलस्तर 36.75 मीटर से 0.05 मीटर अधिक है। फिलहाल यहां गंगा का जलस्तर स्थिर बताया गया है।

बाढ़ प्रभावितों के लिए 14 राहत शिविरों में 12 हजार से अधिक लोगों के रहने, भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। शिविरों में बच्चों को दूध और महिलाओं को सैनिटरी किट उपलब्ध कराई जा रही है। मेडिकल कैंप और बोट एंबुलेंस के जरिए भी जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।

राहत सामग्री के तौर पर अब तक 1.2 लाख से अधिक पॉलिथीन शीट और 22,900 ड्राई राशन पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। पशुओं के लिए 4,650 क्विंटल से अधिक पशुचारा भी बांटा गया है। प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन के लिए 1,876 नावों का परिचालन कराया जा रहा है।

त्वरित बचाव एवं राहत कार्यों के लिए एसडीआरएफ की 27 और एनडीआरएफ की 10 टीमें विभिन्न जिलों में तैनात हैं। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बाढ़ की स्थिति और नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 8 सितंबर तक बिहार में 601.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत कम है। हालांकि सितंबर में अब तक सामान्य से 31 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। अगले दो दिनों के दौरान राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।