Advertisement

गायघाट में 50 लाख की विदेशी शराब बरामद, दो चालक गिरफ्तार

-गायघाट में 50 लाख की विदेशी शराब बरामद, दो चालक गिरफ्तार

दीपक कुमार/गायघाट

गायघाट। मुजफ्फरपुर में जिलाधिकारी के निर्देश पर उत्पाद विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई है। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने गायघाट थाना क्षेत्र के मैथी टोल प्लाजा के पास एक कंटेनर को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कंटेनर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

बताया जा रहा है कि कंटेनर में 300 से अधिक कार्टन विदेशी शराब लदी थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में शराब की खेप हरियाणा से बिहार लाई जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने कंटेनर के दो चालकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों गिरफ्तार आरोपी हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम उनसे पूछताछ कर रही है।

अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप किसके इशारे पर बिहार लाई गई थी और इस तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल हैं। बरामद शराब और कंटेनर को जब्त कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई एवं जांच जारी है।