-बिहार में ग्रामीण LPG उपभोक्ताओं को राहत, अब 45 नहीं 25 दिन में मिलेगा सिलिंडर
पटना। बिहार के ग्रामीण इलाकों में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब ग्रामीण उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर के लिए 45 दिनों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पेट्रोलियम मंत्रालय के नए आदेश के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में भी 25 दिनों के अंतराल पर ओटीपी के माध्यम से सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
पहले शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों के अंतराल पर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा था, जबकि ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों का अंतर निर्धारित था। इस दोहरी व्यवस्था को लेकर ग्रामीण उपभोक्ताओं और गृहणियों में नाराजगी बनी हुई थी।
बताया गया कि ईरान-अमेरिका और पश्चिम एशिया में उत्पन्न संघर्ष के कारण मार्च 2026 में ईंधन आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी थी। संभावित आपूर्ति संकट और जमाखोरी से निपटने के लिए सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग के बीच 45 दिनों का अंतर निर्धारित किया था।

अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन आपूर्ति की स्थिति सामान्य होने के बाद पेट्रोलियम मंत्रालय ने ग्रामीण क्षेत्रों में लागू 45 दिनों के नियम को समाप्त कर दिया है। इसके साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए सिलिंडर बुकिंग की व्यवस्था समान हो गई है।
नई व्यवस्था के तहत ग्रामीण उपभोक्ता अब 25 दिनों के अंतराल पर ओटीपी के माध्यम से अपना एलपीजी सिलिंडर बुक करा सकेंगे। व्यवस्था लागू होने के बाद गैस एजेंसियों ने भी नए मानक के अनुसार सिलिंडर वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकार के इस फैसले से ग्रामीण परिवारों और खासकर गृहणियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।












