Advertisement

बैंक ग्राहक से छिनतई मामले में अंतरजिला ‘तिवारी गैंग’ का बदमाश गिरफ्तार

-बैंक ग्राहक से छिनतई मामले में अंतरजिला ‘तिवारी गैंग’ का बदमाश गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बैंक ग्राहक से दो लाख रुपये की छिनतई के मामले में पुलिस ने अंतरजिला ‘तिवारी गैंग’ के एक कथित शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समस्तीपुर जिले के मथुरापुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर झिली चौक निवासी रौशन कुमार के रूप में हुई है। मिठनपुरा पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर समस्तीपुर में छापेमारी कर उसे उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य अपराधियों और छीनी गई रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

जानकारी के अनुसार, कटरा थाना क्षेत्र के गजुआर गांव निवासी अरविंद कुमार ठाकुर ने छिनतई को लेकर मिठनपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अरविंद कुमार ठाकुर 30 मार्च को रेड क्रॉस स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से चेक के माध्यम से दो लाख रुपये नकद निकालकर ऑटो से अपने ससुराल बीएमपी-6 रोड, मालीघाट जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे शांति कुटीर के पास जैसे ही वे ऑटो से उतरकर चालक को किराया देने लगे, तभी बाइक सवार दो अपराधियों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से दो लाख रुपये नकद और बैंक पासबुक रखे झोले को छीन लिया और फरार हो गए।

घटना के बाद मिठनपुरा पुलिस ने बैंक से लेकर वारदात स्थल तक के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध बाइक सवार अपराधियों की गतिविधियां पुलिस के हाथ लगीं। इसके बाद तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल सर्विलांस के आधार पर एक संदिग्ध की लोकेशन समस्तीपुर के मथुरापुर में ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर रौशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपी के कथित तौर पर अंतरजिला ‘तिवारी गैंग’ से जुड़े होने की जानकारी मिली है। यह गिरोह बैंक से बड़ी रकम निकालने वाले ग्राहकों की कथित रूप से रेकी कर उनके पीछे लगने और मौका मिलते ही रुपये छीनकर फरार होने के लिए जाना जाता है। पुलिस आरोपी से मुजफ्फरपुर शहर में पूर्व में हुई छिनतई और चेन स्नेचिंग की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के अन्य साथियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही छीनी गई दो लाख रुपये की नकदी और घटना में इस्तेमाल बाइक की बरामदगी का प्रयास भी किया जा रहा है।