Advertisement

जन्माष्टमी की तैयारी के दौरान भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित कार पेड़ पर चढ़ी, तीन युवक गंभीर घायल

-जन्माष्टमी की तैयारी के दौरान भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित कार पेड़ पर चढ़ी, तीन युवक गंभीर घायल

मुजफ्फरपुर/गायघाट। दीपक कुमार। बेनीबाद थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव में जन्माष्टमी की तैयारी के दौरान सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से जोरदार टकराने के बाद सीधे पेड़ के ऊपर जा चढ़ी। हादसे में तीन स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों की पहचान रितेश कुमार, पिता चंदरजीत कुमार राय, रंजन कुमार, पिता हरिंदर कुमार राय और जितेश कुमार, पिता श्याम राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रितेश कुमार को हादसे में सबसे ज्यादा चोटें आई हैं और उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वहीं, जानकारी मिलते ही बेनीबाद थाना पुलिस भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। दो घायलों का इलाज केवटसा चौक स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं, गंभीर रूप से घायल रितेश कुमार को पुलिस तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंची, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। कार अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।