Advertisement

एसकेएमसीएच में 12 बेड के अत्याधुनिक आईसीयू का उद्घाटन

-एसकेएमसीएच में 12 बेड के अत्याधुनिक आईसीयू का उद्घाटन

-112 करोड़ से बनेगा 100 बेड का पैलिएटिव केयर यूनिट

मुजफ्फरपुर। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने गुरुवार को एसकेएमसीएच परिसर स्थित टाटा मेमोरियल होमी भाभा कैंसर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में नवनिर्मित 12 बेड के अत्याधुनिक आईसीयू और एक एचडीयू यूनिट का उद्घाटन किया।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि टाटा मेमोरियल होमी भाभा कैंसर अस्पताल उत्तर बिहार का सबसे बड़ा कैंसर सेंटर बनकर उभरा है। अब कैंसर के इलाज के लिए मरीजों को दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। देश के बड़े अस्पतालों में उपलब्ध विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं अब मुजफ्फरपुर में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।


स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि गंभीर मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में करीब 100 बेड का पैलिएटिव केयर यूनिट विकसित किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए राज्य सरकार ने 112 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इसका निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की दिशा में काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को हर स्तर पर मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का फोकस केवल कैंसर उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि रेफरल सिस्टम, सुपर स्पेशलिटी सेवाएं, ट्रॉमा सेंटर और पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी है।
मंत्री ने कहा कि जनता के लिए जो व्यवस्था बेहतर साबित हो सकती है, उसे धरातल पर उतारने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है।
मौके पर विभाग के सचिव, प्राचार्य डॉ. कुमारी, अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद समेत अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।