-मुजफ्फरपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, सात साल से फरार कुख्यात अपराधी बाबू सिंह गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने मुजफ्फरपुर जिले के कुख्यात एवं वांछित अपराधी आशुतोष कुमार उर्फ बाबू सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कटरा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशुतोष कुमार उर्फ बाबू सिंह, पिता सुजीत सिंह, निवासी सिसवारा गांव, कटरा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह वर्ष 2019 में औराई थाना क्षेत्र में हुई लूट, डकैती और गोलीबारी के एक गंभीर मामले में करीब सात वर्षों से फरार चल रहा था।
मामला वर्ष 2019 का है। औराई थाना क्षेत्र के महेशा स्थान निवासी फिरोज अख्तर ने घटना को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, फिरोज अख्तर आवश्यक कार्य से औराई ललिया चौक से भैरवस्थान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिशनपुर और भैरवस्थान के बीच ट्रांसफार्मर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने पीछे से टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया और पिस्तौल तान दी।

विरोध करने पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, जो फिरोज अख्तर के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी। इसके बाद अपराधी उनकी टीवीएस अपाचे बाइक, रियलमी मोबाइल और पर्स में रखे पांच हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे।
एसटीएफ की प्रारंभिक पूछताछ और पुलिस रिकॉर्ड की जांच में आशुतोष कुमार उर्फ बाबू सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर के औराई और मोतीपुर थाना क्षेत्रों में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल तीन गंभीर मामले दर्ज हैं।
कई वर्षों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी को एसटीएफ की बड़ी सफलता माना जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी से पुलिस को राहत मिली है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।












