-मुजफ्फरपुर में चांदनी चौक से रामदयालु तक सिक्सलेन की कवायद तेज, 500 से अधिक पेड़ों की हो रही मार्किंग
मुजफ्फरपुर। शहर में चांदनी चौक से रामदयालु तक सिक्सलेन सड़क निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। प्रस्तावित सड़क के रास्ते में एनएच किनारे लगे 500 से अधिक पेड़ों को हटाने की प्रक्रिया को लेकर पुल निर्माण निगम ने पेड़ों की गिनती और मार्किंग का काम शुरू कर दिया है। सड़क निर्माण से पहले पेड़ों की बाधा दूर करने की तैयारी की जा रही है।
बताया गया है कि एनएच किनारे चिह्नित किए जा रहे पेड़ों में वन विभाग के पेड़ों के अलावा निजी प्रतिष्ठानों की जमीन पर लगे पेड़ भी शामिल हैं। इनमें से कुछ पेड़ों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना है, जबकि आवश्यकतानुसार कुछ पेड़ों को काटकर हटाया जाएगा।

पुल निर्माण विभाग के वरीय परियोजना अभियंता के अनुसार फिलहाल विभागीय अधिकारियों की ओर से पेड़ों की गिनती और उनकी स्थिति का आकलन किया जा रहा है। गिनती पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट तैयार कर समीक्षा की जाएगी। इसके बाद जिला प्रशासन से पेड़ों की शिफ्टिंग के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जाएगा।
उपयुक्त स्थान उपलब्ध होने के बाद चिह्नित पेड़ों को हटाने अथवा शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पेड़ों से संबंधित बाधाएं दूर होने के बाद सिक्सलेन सड़क निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चांदनी चौक से रामदयालु तक सिक्सलेन सड़क निर्माण पर करीब 44 करोड़ रुपये खर्च होने का प्रस्ताव है। यह योजना पिछले करीब एक वर्ष से लंबित थी। पिछले दिनों पथ निर्माण विभाग के मंत्री ई. शैलेंद्र कुमार ने प्रस्तावित सड़क का अवलोकन किया था। निर्माण कार्य के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से एनओसी भी मिल चुकी है। अब पेड़ों की बाधा हटाने की प्रक्रिया शुरू होने से सड़क निर्माण योजना के आगे बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है।












