-शनिचर हाट में वेज व नॉन-वेज वेंडर प्लेटफॉर्म का शिलान्यास, दुकानदारों को मिलेगी व्यवस्थित सुविधा
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर दक्षिणी पंचायत के शनिचर हाट परिसर में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत वेज वेंडर एवं नॉन-वेज वेंडर प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य का शिलान्यास स्थानीय मुखिया प्रमिला देवी ने किया। इस अवसर पर दर्जनों ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुखिया प्रमिला देवी ने भूमि पूजन करने के बाद नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर शिलान्यास कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने निर्माण कार्य को क्षेत्र के लिए उपयोगी पहल बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायत सचिव सुनील कुमार ने कहा कि शनिचर हाट परिसर में वेज एवं नॉन-वेज वेंडर प्लेटफॉर्म के निर्माण से ग्रामीणों और व्यवसायियों को काफी लाभ मिलेगा। इससे हाट परिसर को भी एक नई पहचान मिलेगी और बाजार में खाद्य सामग्री की बिक्री अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि वेज एवं नॉन-वेज वेंडर प्लेटफॉर्म निर्माण का मुख्य उद्देश्य खाद्य सामग्री की बिक्री को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाना है। इसके तहत सब्जी, फल एवं अन्य शाकाहारी सामग्री बेचने वाले दुकानदारों के लिए अलग प्लेटफॉर्म होगा, जबकि मांस, मछली एवं अंडा जैसे मांसाहारी खाद्य पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों के लिए अलग प्लेटफॉर्म बनाया जाएगा।
दोनों प्लेटफॉर्म को अलग रखने से साफ-सफाई बनाए रखने में मदद मिलेगी तथा खाद्य पदार्थों में गंदगी और मिलावट की संभावना कम होगी। साथ ही दुकानदारों को सुविधाजनक एवं व्यवस्थित स्थान मिलेगा, जबकि ग्राहकों को स्वच्छ वातावरण में खरीदारी करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में मुखिया प्रमिला देवी, पंचायत सचिव सुनील कुमार, राजीव रंजन, शिवनाथ सिंह, तापसी प्रसाद सिंह, युवा समाजसेवी अविनाश कुमार, मंटू सिंह, रंजीत कुमार, श्रीभगवान सिंह, वीरेंद्र रंगरसिया, शत्रुघ्न सिंह सहित दर्जनों ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।












