Advertisement

शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में दो बंदियों ने दीवार तोड़कर भागने का किया प्रयास, आवाज सुनकर खुला राज

-शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में दो बंदियों ने दीवार तोड़कर भागने का किया प्रयास, आवाज सुनकर खुला राज

मुजफ्फरपुर। शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा के अस्पताल में भर्ती दो बंदियों ने शौचालय की दीवार तोड़कर फरार होने का प्रयास किया। दोनों बंदियों ने शौचालय में लगे लोहे के पानी के पाइप को तोड़कर दीवार की ईंट निकालने की कोशिश की। हालांकि, वार्ड में तैनात जेल कर्मियों को आवाज सुनाई दे गई, जिसके बाद दोनों का प्रयास विफल हो गया।
मामला सामने आने के बाद जेल अधीक्षक युसुफ रिजवान के निर्देश पर दोनों बंदियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना की सूचना जिलाधिकारी समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों को भी दी गई है। जेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिकी के अनुसार, गायघाट थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी श्याम कुमार, पिता भोला पासवान को 31 जुलाई को शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में बंद किया गया था। वहीं, साहेबगंज थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर पुरानी छपरा निवासी मंजीत पासवान, पिता पुलिस पासवान ने 22 जुलाई को कारा में प्रवेश किया थाl


दोनों बंदियों को इलाज के लिए कारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान उन्होंने शौचालय की दीवार तोड़कर बाहर निकलने की योजना बनाई। इसके लिए पानी के लोहे के पाइप का इस्तेमाल करते हुए दीवार की ईंट निकालने का प्रयास किया गया। पाइप तोड़ने और दीवार से ईंट निकालने के दौरान हुई आवाज से वार्ड में तैनात कर्मियों को शक हुआ। कर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों के प्रयास को रोक दिया।
जेल प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि दोनों बंदियों ने भागने की योजना कब बनाई और इस प्रयास में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है।