-मुजफ्फरपुर में ‘ऑपरेशन क्लीन’ का बड़ा क्रैकडाउन, एक रात में 342 अभियुक्त गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। जिले में बढ़ते अपराध और फरार वारंटियों पर नकेल कसने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर पूरे जिले में एक साथ विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। ताबड़तोड़ छापेमारी और कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ही रात में कुल 342 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें से 190 आरोपियों की कागजी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ने अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक कार्रवाई पूर्वी-1 अनुमंडल क्षेत्र में हुई। यहां विभिन्न पुलिस टीमों ने छापेमारी कर 72 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनमें से 43 को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है।

टाउन-1 और टाउन-2 थाना क्षेत्रों की पुलिस ने भी संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 40 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। वहीं अहियापुर समेत जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने छापेमारी कर कई संदिग्धों को पकड़ा तथा आपत्तिजनक एवं संदिग्ध सामान बरामद किए।
अपराधियों के खिलाफ चलाए गए इस विशेष अभियान की निगरानी खुद एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने की। एसएसपी देर रात सरप्राइज चेकिंग के लिए सड़कों पर निकले और ब्रह्मपुरा तथा सकरा थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में तैनात अधिकारियों और जवानों को गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध नियंत्रण और अमन-चैन कायम रखने के लिए अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई से आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।












