Advertisement

बाढ़ प्रभावित मलाही टोला में पहुंची मेडिकल टीम, ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देकर बांटे हैलोजन और ORS

-बाढ़ प्रभावित मलाही टोला में पहुंची मेडिकल टीम, ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देकर बांटे हैलोजन और ORS

मुजफ्फरपुर। बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। इसी क्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने मेडिकल टीम के साथ कांटा पिरौछा दक्षिणी पंचायत के मलाही टोला का भ्रमण कर बाढ़ से प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान मेडिकल टीम ने ग्रामीणों को बाढ़ के बाद होने वाली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। टीम की ओर से लोगों के बीच हैलोजन और ओआरएस का भी वितरण किया गया। ग्रामीणों को साफ-सफाई, सुरक्षित पेयजल और खान-पान को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई।


प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने मेडिकल टीम के साथ कांटा पिरौछा दक्षिणी पंचायत के बाढ़ प्रभावित टोलों का निरीक्षण किया। इस दौरान शिवनगर टोला स्थित स्वास्थ्य केंद्र कांटा का भी निरीक्षण किया गया और वहां स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाढ़ का पानी उतरने के बाद संक्रमण और जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए। प्रभावित क्षेत्र में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया गया, ताकि गंदे पानी के कारण होने वाले संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या मेडिकल टीम से संपर्क करने की अपील की है।