Advertisement

राम जानकी माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का मेयर ने किया उद्घाटन

-राम जानकी माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का मेयर ने किया उद्घाटन

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका-7 स्थित राम जानकी माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन रविवार को जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका के मेयर मनोज कुमार साह ने किया। नए भवन के निर्माण से विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
उद्घाटन के अवसर पर मेयर मनोज कुमार साह ने कहा कि जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका शिक्षा, स्वास्थ्य, सौंदर्यीकरण और स्वच्छता सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्राथमिकता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जानकी नगर स्थित राम जानकी माध्यमिक विद्यालय में नए कमरों के निर्माण से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी और विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में भी सहूलियत होगी।


मेयर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करना स्थानीय सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका-7 के वार्ड अध्यक्ष नीरज कुमार साह ने की। इस मौके पर शिक्षा शाखा प्रमुख अंजू पांडे, इंजीनियर शंभू साह, जीवछ साह, वार्ड सदस्या फूल कुमारी महतो सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।