-जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका-6 के वार्डाध्यक्ष दिनेश का निधन, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका-6 के वार्डाध्यक्ष दिनेश का सोमवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे सरल एवं सौम्य विचारों वाले व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे और वार्ड के विकास कार्यों के लिए हमेशा सक्रिय रहते थे।
दिनेश नेपाली कांग्रेस के वार्ड नंबर-6 के अध्यक्ष भी थे। जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने अपने वार्ड के विकास और स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम किया।

उनके असमय निधन से राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय स्तर पर लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
उनके निधन पर पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विमलेन्द्र निधि, धनुषा जिला अध्यक्ष योगेंद्र पंजियार, जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका के मेयर मनोज कुमार साह, उपमेयर किशोरी साह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की।
वार्ड अध्यक्ष राघवेंद्र साह, रामचंद्र पंजियार, परमेश्वर साह, विनोद कुमार साह, शिव कुमार साह तथा प्रेस स्वतंत्रता सेनानी रामभरत साह सहित कई लोगों ने भी दिनेश के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और कहा कि सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।












