-बदहाल शिक्षा और बेरोजगारी के खिलाफ 20 अगस्त को दरभंगा में छात्र-युवा संसद, हजारों छात्र-नौजवानों के जुटने का दावा
समस्तीपुर, 10 अगस्त 2026। बिहार में शिक्षा और रोजगार के सवाल को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) ने आंदोलन तेज करने की घोषणा की है। इसी कड़ी में आगामी 20 अगस्त को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा परिसर में विशाल छात्र-युवा संसद आयोजित करने की जानकारी दी गई। संगठन का दावा है कि मिथिला जोन के विभिन्न इलाकों से हजारों छात्र और नौजवान इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समस्तीपुर में आइसा और आरवाईए की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार, आइसा जिला सचिव सुनील कुमार, आइसा जिला अध्यक्ष लोकेश राज, जिला उपाध्यक्ष दीपक यादव, आरवाईए नगर सचिव कुंदन यादव और आरवाईए जिला कमेटी सदस्य मुकेश कुमार गुप्ता ने अपनी बातें रखीं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार ने कहा कि बिहार में शिक्षा और रोजगार के सवाल पर आइसा और आरवाईए की ओर से छात्र-युवा संसद अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था की बेहतरी तथा रोजगार के सवालों को लेकर चल रहे आंदोलनों को आगे बढ़ाने की तैयारी है।
आइसा जिला सचिव सुनील कुमार ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में कथित धांधली, पेपर लीक, एनटीए की कार्यप्रणाली और छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर छात्र-युवाओं का आंदोलन व्यापक हुआ है। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के सवाल पर देशभर में छात्र-युवाओं ने आवाज उठाई है और बिहार के छात्र-युवा भी इसमें शामिल रहे हैं।

संगठन के नेताओं ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन को शिक्षा के निजीकरण और बाजारीकरण, फीस वृद्धि, सरकारी विद्यालयों की बदहाली, 7.5 सीजीपीए बैरियर, महाविद्यालयों की स्वायत्तता और सम्मानजनक रोजगार जैसे मुद्दों से जोड़कर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष को बिहार के प्रत्येक विश्वविद्यालय और शैक्षणिक संस्थान तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा।
आइसा और आरवाईए नेताओं ने बताया कि इसी अभियान के तहत बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालय मुख्यालयों पर छात्र-युवा संसद आयोजित करने की योजना है। संगठनों ने छात्र और नौजवानों से 20 अगस्त को दरभंगा में होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्र-युवा संसद के माध्यम से शिक्षा, परीक्षा व्यवस्था और रोजगार के सवाल पर अपनी आवाज बुलंद करने तथा शिक्षा और भविष्य बचाने की लड़ाई को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार ने कहा कि ‘Gen-Z Rising बिहार चैप्टर’ के तहत बिहार के सभी विश्वविद्यालयों में छात्र-युवा संसद आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है। संगठन का उद्देश्य छात्र-युवाओं को शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के माध्यम से आइसा और आरवाईए ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और सम्मानजनक रोजगार के मुद्दे पर छात्र-युवाओं को संगठित होकर अपनी आवाज उठाने का आह्वान किया है।












