Advertisement

पूसा में 68.6 मिमी बारिश दर्ज, तापमान में गिरावट से मौसम सुहावना

-पूसा में 68.6 मिमी बारिश दर्ज, तापमान में गिरावट से मौसम सुहावना

समस्तीपुर। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र द्वारा जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार बुधवार को क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 68.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है।
जारी आंकड़ों के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह 7 बजे सापेक्ष आर्द्रता 97 प्रतिशत और दोपहर 2 बजे 96 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे वातावरण में नमी बनी रही।


मौसम केंद्र के अनुसार वाष्पोत्सर्जन 3.2 मिमी दर्ज किया गया। वहीं, पुरवा दिशा से करीब 3.0 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार लगातार वर्षा से खेतों में नमी बनी रहेगी, जिससे खरीफ फसलों को लाभ मिलने की संभावना है। हालांकि जिन क्षेत्रों में अधिक जलभराव है, वहां किसानों को फसलों की नियमित निगरानी करने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गई है।