Advertisement

मुजफ्फरपुर: पुलिस पाठशाला में विशेष शिविर

-मुजफ्फरपुर: पुलिस पाठशाला में विशेष शिविर

-300 लोगों ने प्रमाण पत्र के लिए किया आवेदन

मुजफ्फरपुर, 5 अगस्त। शहर के कन्हौली नाका स्थित पुलिस पाठशाला में अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) के मार्गदर्शन एवं निर्देश पर बुधवार को जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र निर्माण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर आवेदन जमा किए और आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कराई।
शिविर में मुसहरी प्रखंड प्रशासन की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। बीडीओ के नेतृत्व में यूडीसी आनंद कुमार, कार्यपालक सहायक सुमित कुमार तथा प्रखंड के अन्य अधिकारियों और कर्मियों ने आवेदन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित किया। इस दौरान करीब 300 लोगों के आवेदन प्राप्त किए गए और उनके दस्तावेजों का सत्यापन एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं।


आयोजकों ने बताया कि इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी, जिससे वे विभिन्न सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ आसानी से उठा सकेंगे।
शिविर के सफल आयोजन पर अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी), मुसहरी प्रखंड प्रशासन तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयास से सरकारी सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। साथ ही भविष्य में भी जनहित और अधिकार आधारित ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की उम्मीद जताई गई।