-श्रावणी मेला–2026 का भव्य आगाज, दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ उद्घाटन; लॉन्च हुआ मोबाइल एप और ‘शिवम् सुंदरम्’ पत्रिका
मुजफ्फरपुर, 2 अगस्त। उत्तर बिहार के प्रसिद्ध श्रावणी मेला–2026 का रविवार को डीएन हाई स्कूल परिसर में श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के बीच भव्य शुभारंभ हुआ। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री सह मुजफ्फरपुर के जिला प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया।
समारोह की शुरुआत में जिलाधिकारी कुमार गौरव ने अतिथियों एवं देशभर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, यातायात, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष और अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित मेला अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा प्रकाशित ‘शिवम् सुंदरम्’ पत्रिका का विमोचन किया गया। साथ ही ‘श्रावणी मेला–2026’ मोबाइल एप का भी शुभारंभ किया गया। यह एप श्रद्धालुओं को मेला से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां, प्रशासनिक सुविधाएं, संपर्क नंबर, मार्गदर्शन और अन्य उपयोगी सूचनाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगा।
समारोह को संबोधित करते हुए पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद तथा पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने सावन माह की शुभकामनाएं देते हुए जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई तैयारियां जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।

मुख्य अतिथि डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान भोलेनाथ की आराधना केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और सकारात्मक जीवन का मार्ग है। उन्होंने लोगों से भेदभाव, घृणा और वैमनस्य को त्यागकर सामाजिक सद्भाव और सर्वधर्म समभाव के मार्ग पर चलने का आह्वान किया तथा प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने सावन माह की आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए श्रावणी मेला के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की।
उद्घाटन समारोह में विधायक रंजन कुमार, राजू कुमार सिंह, अजय कुमार, अजीत कुमार, विधायक बेबी कुमारी, विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह, महापौर निर्मला देवी साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में उप विकास आयुक्त निशांत सिहारा ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
उद्घाटन के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने भगवान भोलेनाथ पर आधारित भक्ति गीतों और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देर शाम तक श्रद्धा, भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने श्रावणी मेला–2026 के शुभारंभ को यादगार बना दिया।













