Advertisement

मनियारी-तुर्की मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई शुरू, सावन में श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

-मनियारी-तुर्की मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई शुरू, सावन में श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

मुजफ्फरपुर। मनियारी क्षेत्र के कच्ची-पक्की से रामचंद्र होते हुए तुर्की जाने वाले मुख्य मार्ग (पुरुषोत्तमपुर) पर सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई का कार्य पथ निर्माण विभाग ने शुरू कर दिया है। विभाग ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जमहरुआ चौक से जेसीबी मशीन और मजदूरों को लगाकर सड़क की वास्तविक चौड़ाई बहाल करने का अभियान प्रारंभ किया है।
बताया गया कि सड़क के दोनों किनारों पर घनी झाड़ियां उग आने से वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित हो रही थी। इससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी और राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।


स्थानीय समाजसेवी शिवम कुमार ने इस समस्या को लेकर पथ निर्माण विभाग, मुजफ्फरपुर प्रमंडल-1 के कार्यपालक अभियंता को आवेदन देकर सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की थी। आवेदन में उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया था कि सावन माह के दौरान इस मार्ग से बड़ी संख्या में कांवड़िए जल लेकर गुजरते हैं, ऐसे में सड़क को सुरक्षित और सुगम बनाना आवश्यक है।
आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विभाग ने सफाई अभियान शुरू कर दिया। जेसीबी मशीन और मजदूरों की मदद से सड़क किनारे की झाड़ियों को हटाया जा रहा है, जिससे सड़क की चौड़ाई फिर से स्पष्ट हो रही है और आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित बन रहा है।
विभाग की इस पहल से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीण बबलू कुमार, दीपक कुमार और मनीष कुमार ने पथ निर्माण विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल स्थानीय लोगों को बल्कि सावन में आने-जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सड़क की नियमित देखभाल और सफाई होती रहेगी, ताकि लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलती रहे।