-मुजफ्फरपुर: बंदरा के घोषरामा आंगनबाड़ी केंद्र में चोरी, एलईडी टीवी, इन्वर्टर और बैटरी ले उड़े चोर
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक। जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत हत्था थाना क्षेत्र में स्थित घोषरामा आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-51 में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने केंद्र का ताला तोड़कर एलईडी टीवी, इन्वर्टर और बैटरी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार,मंगलवार सुबह जब आंगनबाड़ी सेविका केंद्र पहुंचीं तो कमरे का सामान बिखरा हुआ था और केंद्र से एलईडी टीवी, इन्वर्टर तथा बैटरी गायब मिले। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय मुखिया, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) तथा हत्था थाना पुलिस को दी गई।

स्थानीय लोगों ने आंगनबाड़ी केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग करते हुए कहा कि सरकारी संस्थानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाएं चिंता का विषय हैं। लोगों का बताना है कि हाल के दिनों में प्रखण्ड एवं नजदीकी क्षेत्रों में कई आंगनबाड़ी केंद्रों में चोरी की घटनाएं घटित हुई है,जिससे लोगों में नाराजगी और असुरक्षा के भाव हैं।लोगों ने चोर गिरोह के उद्भेदन करने की मांग पुलिस प्रशासन से की है।












