-मां की डांट से नाराज 12 वर्षीय छात्र घर से निकला, नहीं लौटा
मुजफ्फरपुर। सदर थाना क्षेत्र के खबड़ा स्थित भेल कॉलोनी से 12 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। मां की डांट से नाराज होकर छठी कक्षा का छात्र वीर राज मंगलवार की शाम घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सारण जिले के मूल निवासी राहुल राज खबड़ा की भेल कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं। वे भगवानपुर स्थित ऊर्जा विभाग में वरीय परिचर के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार शाम करीब पांच बजे उनके पुत्र वीर राज को पढ़ाई करने को लेकर उसकी मां ने डांट लगाई थी। इससे नाराज होकर वह चुपचाप घर से निकल गया।

काफी देर तक वीर के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के मोहल्लों के अलावा रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां भी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता ने सदर थाने में लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों के साथ रिश्तेदारों और अन्य स्थानों पर भी जानकारी जुटाई जा रही है। परिवार ने बच्चे की सकुशल बरामदगी की अपील की है।












