Advertisement

बिहार के युवाओं के लिए बड़ी सौगात: पटना में खुली पहली रिलायंस एनीमेशन अकादमी, एनीमेशन-गेमिंग में बनेंगे करियर के नए अवसर

-बिहार के युवाओं के लिए बड़ी सौगात: पटना में खुली पहली रिलायंस एनीमेशन अकादमी, एनीमेशन-गेमिंग में बनेंगे करियर के नए अवसर

पटना। बिहार के युवाओं को डिजिटल क्रिएटिव इंडस्ट्री में रोजगार और कौशल विकास का नया मंच मिल गया है। राजधानी पटना में बिहार की पहली रिलायंस एनीमेशन अकादमी का शुभारंभ किया गया। अकादमी का संचालन एफके मीडिया एंड प्रोडक्शन्स द्वारा किया जाएगा। इस पहल से राज्य के युवाओं को एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (VFX), गेमिंग, ग्राफिक डिजाइन, यूआई/यूएक्स और डिजिटल मीडिया जैसे तेजी से उभरते क्षेत्रों में आधुनिक प्रशिक्षण मिल सकेगा।
उद्घाटन समारोह में शिक्षा, उद्योग और मीडिया जगत से जुड़े कई गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार के साथ क्रिएटिव टेक्नोलॉजी आधारित क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं और ऐसे संस्थान युवाओं को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अभिनेता राजेश कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का समय रचनात्मकता और तकनीक का है। यदि युवा अपनी प्रतिभा को सही प्रशिक्षण और मेहनत से जोड़ें तो एनीमेशन, गेमिंग और डिजिटल कंटेंट जैसे क्षेत्रों में बेहतरीन करियर बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब बिहार के विद्यार्थियों को इस तरह की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।


इस अवसर पर रिलायंस एनीमेशन अकादमी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तेजोनिधि भंडारी और बिजनेस हेड संदीप शेट्टी ने अकादमी की आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था, उद्योग आधारित पाठ्यक्रम, स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक लैब और प्लेसमेंट सहायता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी पाठ्यक्रमों को वर्तमान इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है, ताकि विद्यार्थी प्रशिक्षण पूरा करने के बाद रोजगार के लिए पूरी तरह तैयार हों।
एफके मीडिया एंड प्रोडक्शन्स के प्रबंध निदेशक फ़रहान खान ने कहा कि अकादमी का उद्देश्य बिहार के प्रतिभाशाली युवाओं को राज्य में ही आधुनिक और व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संस्थान बिहार में क्रिएटिव एजुकेशन और स्किल डेवलपमेंट को नई दिशा देगा तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार और करियर के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने अकादमी के अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे का अवलोकन किया और इसे बिहार के कौशल विकास और डिजिटल क्रिएटिव शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल बताया।