-भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुंवर के निधन पर उमड़ा जनसैलाब, राजद युवा नेता प्रभात किरण ने दी श्रद्धांजलि
मुजफ्फरपुर/गायघाट। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना काल से सक्रिय रहे वरिष्ठ नेता एवं गायघाट प्रखंड के केवटसा गांव निवासी विजय कुंवर के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर मिलते ही विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
युवा राजद नेता एवं पूर्व विधायक महेश्वर प्रसाद यादव के पुत्र प्रभात किरण ने दिवंगत विजय कुंवर के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि विजय कुंवर जीवनभर सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे और जनहित के मुद्दों पर हमेशा मजबूती से अपनी बात रखते थे।

प्रभात किरण ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “मुझे सदैव उनका स्नेह और मार्गदर्शन मिलता रहा। उनके निधन से गायघाट ने एक सच्चा जनसेवक खो दिया है। ईश्वर उनकी पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में युवा नेता महेश सहनी, मुखिया प्रतिनिधि दिनेश राय, गौरव गुंजन सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी ने विजय कुंवर के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।












