-भारत सरकार के सहयोग से निर्मित केदार ज्योति पुंज बहुमुखी कैम्पस भवन का उद्घाटन
जनकपुरधाम, मिश्री लाल मधुकर। भारत सरकार के आर्थिक सहयोग से नेपाल के डोटी जिले स्थित श्री केदार ज्योति पुंज बहुमुखी कैम्पस के नवनिर्मित भवन का रविवार को भव्य उद्घाटन किया गया। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव बशिष्ट नंदन तथा बड़ीकेदार गांवपालिका के अध्यक्ष भैरव बहादुर साउद ने संयुक्त रूप से भवन का लोकार्पण किया।
यह दो मंजिला कैम्पस भवन भारत सरकार की उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना (HICDP) के तहत निर्मित किया गया है। भवन की प्रत्येक मंजिल पर सात-सात कक्ष बनाए गए हैं। परियोजना का क्रियान्वयन बड़ीकेदार गांवपालिका के माध्यम से किया गया। इस नए शैक्षणिक भवन में बी.एड. और बी.बी.ए. की कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव बशिष्ट नंदन ने कहा कि भारत सरकार नेपाल के सभी सातों प्रदेशों में 700 से अधिक विकास परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सुदूर पश्चिम प्रदेश में 47 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें डोटी जिले की चार परियोजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने सुदूर पश्चिम प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी है। अब तक प्रदेश में 78 एंबुलेंस और 40 स्कूल बसें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इनमें डोटी जिले को 9 एंबुलेंस और 3 स्कूल बसों का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल घनिष्ठ पड़ोसी होने के नाते शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिलकर विकास कार्य कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में बड़ीकेदार गांवपालिका के उपाध्यक्ष, वार्ड अध्यक्षों सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। समारोह में दोनों देशों के सहयोग से शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की गई।












