-छिनतई कांड का खुलासा, एक बदमाश गिरफ्तार; लूटा गया मोबाइल बरामद
मुजफ्फरपुर। जिले के कथैया थाना क्षेत्र में हुए चर्चित छिनतई कांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से छिनतई किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना 20 अप्रैल 2026 की है। पारू थाना क्षेत्र निवासी प्रेमचंद्र राम कथैया थाना क्षेत्र के पट्टी असवारी स्थित बरदही पुल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोककर उनका पिठ्ठू बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया था कि बैग में महंगा लैपटॉप, मोबाइल फोन, चार्जर, ब्लूटूथ स्पीकर, आरसीएम (RCM) किट समेत अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। शिकायत के आधार पर कथैया थाना में कांड संख्या 101/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्र के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजेश सिंह प्रभाकर के अनुश्रवण तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिम-01) सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम में कथैया थानाध्यक्ष एवं उनकी पुलिस टीम को शामिल किया गया।
विशेष जांच दल ने मानवीय आसूचना और तकनीकी अनुसंधान (सर्विलांस) के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई। सटीक सूचना मिलने पर छापेमारी कर पारू थाना क्षेत्र निवासी अभियुक्त विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से छिनतई किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया गया है।












