Advertisement

रिटायर्ड बैंक अधिकारी दंपती हत्याकांड: सुपारी किलर पर ₹10 हजार का इनाम, एसएसपी ने जारी किया स्केच

-रिटायर्ड बैंक अधिकारी दंपती हत्याकांड: सुपारी किलर पर ₹10 हजार का इनाम, एसएसपी ने जारी किया स्केच

मुजफ्फरपुर। शहर के चर्चित रिटायर्ड बैंक अधिकारी अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम कुंवर हत्याकांड की जांच तेज हो गई है। मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्र ने फरार सुपारी किलर की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति के लिए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने संदिग्ध हत्यारे का स्केच और सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त तस्वीर भी जारी की है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
मामले की जांच सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रही है। पुलिस टीम मुजफ्फरपुर के अलावा मुसहरी, सकरा, सीतामढ़ी और अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने पूरी वारदात की साजिश बेहद सुनियोजित तरीके से रची थी। पुलिस के अनुसार, उसने स्टेशन रोड पर एक रिक्शा चालक को सवारी बनाकर बैठाया और उसे 500 रुपये तथा एक कीपैड मोबाइल देने का लालच देकर अपने नाम के बजाय उससे एक फर्जी सिम कार्ड खरीदवाया। पुलिस इस सिम कार्ड के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इधर, पुलिस ने मिस्त्री की मदद से दंपती के घर में रखे दोनों गोदरेज लॉकर खुलवाए। जांच में लॉकर में रखे गहने और अन्य कीमती सामान पूरी तरह सुरक्षित मिले। इससे पुलिस का मानना है कि हत्या का उद्देश्य लूटपाट नहीं था, बल्कि इसके पीछे पुरानी रंजिश या सुपारी देकर कराई गई हत्या की आशंका अधिक मजबूत हुई है।


जांच के दौरान एसटीएफ और डीआईयू की टीम ने बीएमपी-06 के आसपास की करीब 15 दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। पुलिस का दावा है कि वारदात से पहले आरोपी ने इन्हीं दुकानों से बाल्टी, मग और रस्सी खरीदी थी।
वहीं, मृतक दंपती के तीन मोबाइल फोन अब तक बरामद नहीं हो सके हैं। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी वारदात के बाद मोबाइल फोन किसी नाले या पोखर में फेंककर फरार हो गया। इन्हें बरामद करने के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
एसटीएफ और डीआईयू की टीम मोहल्ले के लोगों से पूछताछ कर रही है और दंपती की पुरानी रंजिशों व अन्य संभावित कारणों की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।