-गया में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार; भारी मात्रा में हथियार व उपकरण बरामद
रिपोर्ट: धीरज गुप्ता | गया
गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। छापेमारी के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए हैं।
सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वजीरगंज थाना पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मनोज कुमार उर्फ मनोज मिस्त्री को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने मौके से दो देशी कट्टा, दो देसी एकनाली बंदूक, एक अधनिर्मित पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, सात खोखा, हथियारों के विभिन्न पुर्जे तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, वेल्डिंग मशीन, आरी, रॉड सहित अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसका संबंध किसी आपराधिक गिरोह से है या नहीं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान इस अवैध हथियार निर्माण नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।












