-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के तीन गंगा घाटों का किया लोकार्पण, 46.26 करोड़ की परियोजना से मिली आधुनिक सुविधाएं
पटना, 22 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को राजधानी पटना के भद्र घाट, महावीर घाट और नौजर घाट के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का शिलापट्ट अनावरण कर लोकार्पण किया। बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) द्वारा 46.26 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इन तीनों गंगा घाटों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने घाटों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से साइट प्लान के माध्यम से परियोजना की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने गंगाजल स्पर्श कर मां गंगा को नमन किया तथा बिहार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
परियोजना के तहत तीनों घाटों को पक्का बनाकर आधुनिक वॉक-वे, हाई मास्ट लाइट, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, बैठने की व्यवस्था और स्वच्छता संबंधी सुविधाओं से लैस किया गया है। पहले ये घाट कच्चे थे, लेकिन अब इनके विकसित होने से स्नान, पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों के दौरान लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

सरकार का कहना है कि इन घाटों के निर्माण से विशेष रूप से छठ महापर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। साथ ही यह परियोजना राजधानी की शहरी आधारभूत संरचना को मजबूती देने और समावेशी एवं सतत शहरी विकास को गति प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नगर विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया, जबकि स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में विधायक रत्नेश कुशवाहा, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, उपमहापौर रेशमी कुमारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, सचिव अनिमेष कुमार पराशर, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा, बुडको के मुख्य महाप्रबंधक सुरेंद्र कुमार मेहता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।












