-अखाड़ाघाट पुल से बूढ़ी बूढ़ी गंडक में कूदी नवविवाहिता, एक किलोमीटर दूर मिला शव
मुजफ्फरपुर। शहर के व्यस्त अखाड़ाघाट पुल से एक नवविवाहिता द्वारा बूढ़ी गंडक नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। नदी का जलस्तर बढ़ा होने और तेज बहाव के कारण महिला पानी में बह गई। काफी खोजबीन के बाद उसका शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर आश्रम घाट के पास बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला पुल की रेलिंग के पास पहुंची और अचानक नदी में छलांग लगा दी। उस समय बूढ़ी गंडक नदी उफान पर थी और पानी का बहाव काफी तेज था। स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा के कारण कोई भी समय रहते उसके पास नहीं पहुंच सका। महिला कुछ देर तक पानी में संघर्ष करती रही और फिर गहरे पानी में डूब गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय मछुआरों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आश्रम घाट के पास से महिला का शव बरामद कर बाहर निकाला गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों की पहचान के आधार पर मृतका की पहचान हथौड़ी थाना क्षेत्र के आसमा बाजार निवासी 22 वर्षीय अंशु कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अंशु की शादी पिछले वर्ष हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आश्रम घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतका के मायके और ससुराल पक्ष से पूछताछ की जाएगी ताकि इस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












