-नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का रास्ता साफ, पांच एकड़ जमीन लीज पर हस्तांतरित
मुजफ्फरपुर। जिले के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। मुशहरी प्रखंड के मुशहरी उर्फ राधानगर मौजा में नए केंद्रीय विद्यालय (केवी) की स्थापना की अंतिम बाधा भी दूर हो गई है। गुरुवार को जिला प्रशासन और केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के बीच पांच एकड़ भूमि के लीज एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर होने के साथ ही जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के आदेश के तहत यह बहुमूल्य भूमि केंद्रीय विद्यालय संगठन को मात्र एक रुपये के टोकन मूल्य पर 30 वर्षों की लीज पर उपलब्ध कराई गई है। जिला निबंधन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुशहरी के अंचलाधिकारी महेंद्र कुमार शुक्ला और केवीएस के उप-प्राचार्य पवन कुमार महतो ने आधिकारिक रूप से लीज डीड पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान बिमलेंदु कुमार और शशि भूषण गवाह के रूप में उपस्थित रहे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला अवर निबंधक मनीष कुमार और अंचलाधिकारी ने संयुक्त रूप से लीज एग्रीमेंट की मूल प्रति विद्यालय के उप-प्राचार्य को सौंप दी।

बेला इंडस्ट्रियल एरिया के समीप आवंटित भूमि पर केंद्रीय विद्यालय का स्थायी एवं आधुनिक परिसर विकसित किया जाएगा। जब तक विद्यालय का अपना भवन तैयार नहीं हो जाता, तब तक छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए विद्यालय का संचालन अस्थायी रूप से बीबी कॉलेजिएट स्कूल के प्लस-टू भवन से किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले 23 अप्रैल को केवीएस पटना क्षेत्रीय कार्यालय की टीम और अंचल अमीन ने चयनित स्थल का भौतिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण में भूमि को केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए पूरी तरह उपयुक्त पाया गया था।
भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले के अभिभावकों और छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल है। नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से मुजफ्फरपुर के विद्यार्थियों को केंद्रीय शिक्षा प्रणाली के तहत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा और जिले में शैक्षणिक सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।












