-डीएम ने किया जिला भू-अर्जन कार्यालय का औचक निरीक्षण, भुगतान में तेजी लाने का निर्देश
– बायोमैट्रिक उपस्थिति, लॉग बुक और परिवाद निष्पादन की भी जांच की
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने जिला भू-अर्जन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, कर्मियों की उपस्थिति और लंबित मामलों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सभी कर्मियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति जांची और एक-एक कर्मी से परिचय लिया। कार्यालय में संधारित लॉग बुक और कार्य आवंटन रजिस्टर का भी अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश दिए।

डीएम श्री यादव ने कहा कि परिवाद पत्रों का निष्पादन गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। कार्यालय आने वाले हर परिवादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार हो। उन्होंने कई परिवाद पत्रों और उनके निष्पादन की फाइलों को देखा।
जिलाधिकारी ने रक्सौल हवाई अड्डा और 139 डब्ल्यू सड़क निर्माण जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से प्रभावित रैयतों के भुगतान में तेजी लाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि अंचल से प्राप्त फाइलों की नियमानुसार जांच कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने भुगतान संबंधी अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और इसके लिए जरूरी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि जो नए लिपिक और सहायक भू-अर्जन कार्यालय में स्थानांतरित होकर आए हैं, वे तुरंत प्रभार ग्रहण करें और कार्यों को गति दें।
निरीक्षण के समय अनुमंडल पदाधिकारी सदर अरुण कुमार भी मौजूद थे।












