-श्रावणी मेले की तैयारी के लिए मुजफ्फरपुर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप, भीषण गर्मी में लोग परेशान
मुजफ्फरपुर। श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों और आम लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिजली विभाग युद्धस्तर पर तैयारी में जुटा है। इसी क्रम में पोल शिफ्टिंग और अन्य निर्माण कार्य के कारण शुक्रवार सुबह से शहर के कई प्रमुख इलाकों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। तेज धूप और उमस के बीच घंटों बिजली नहीं रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली विभाग के अनुसार, ‘जेल टू फीडर’ से जुड़े क्षेत्रों में पोल शिफ्टिंग और रखरखाव का कार्य किया जा रहा है। इसी कारण एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद रखी गई है। विभाग का कहना है कि श्रावणी मेले के दौरान निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह कार्य आवश्यक है।
बिजली कटौती से सोडा गोदाम, छितभगवतीपुर, चर्च रोड, अमरूद बगान, मिल्लत कॉलोनी, मालीघाट नाका, कावेरी गैस एजेंसी, मुरली मनोहर कॉलोनी, फैज कॉलोनी, पानी टंकी जेल रोड, सेंट्रल जेल परिसर, पानीकल चौक तथा जगन्नाथ मिश्रा कॉलेज के आसपास के इलाके प्रभावित रहे। इन क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को सुबह से बिजली नहीं मिलने के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों के दैनिक कार्य भी प्रभावित हुए। कई घरों में बिजली नहीं रहने के कारण पानी की मोटर नहीं चल सकी, जिससे पेयजल और घरेलू उपयोग के पानी का संकट उत्पन्न हो गया। वहीं उमस भरी गर्मी में पंखे और कूलर बंद रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी।
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि पोल शिफ्टिंग और रखरखाव का कार्य पूरा होते ही संबंधित क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। विभाग का कहना है कि श्रावणी मेले के दौरान किसी प्रकार की बिजली संबंधी बाधा न आए, इसके लिए आवश्यक कार्य समय से पूरे किए जा रहे हैं।












