-अनधिकृत रूप से राजद का नेम प्लेट और झंडा इस्तेमाल करने वालों पर होगी एफआईआर : रमेश गुप्ता
मुजफ्फरपुर। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिला कार्यालय, जूरन छपरा में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने कहा कि पार्टी के अधिकृत पदाधिकारियों की सूची प्रदेश कार्यालय को भेज दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल सूची में शामिल पदाधिकारी ही पार्टी के नेम प्लेट और झंडे का उपयोग कर सकते हैं।
रमेश गुप्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई अनधिकृत व्यक्ति राजद के नाम, नेम प्लेट या झंडे का इस्तेमाल करता पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी।
प्रेस वार्ता में छात्र राजद के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि छात्र राजद की प्रखंड, जिला और प्रदेश स्तर की समितियों से संबंधित सूची प्रदेश कार्यालय के पास उपलब्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अनधिकृत रूप से पार्टी के नाम और पद का इस्तेमाल कर संगठन की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में छात्र राजद की कोई सक्रिय जिला समिति नहीं है, बावजूद इसके कुछ लोग साजिश के तहत खुद को पदाधिकारी बताकर पार्टी को बदनाम कर रहे हैं।
छात्र राजद के पूर्व जिला अध्यक्ष अविनाश कुमार उर्फ राजाबाबू ने कहा कि हाल में जिस व्यक्ति का मामला सामने आया है, वह उनकी समिति का सदस्य नहीं है। ऐसे मामलों में पार्टी कार्रवाई करेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को भी लिखित शिकायत दी जाएगी।
प्रेस वार्ता में राजद जिला अध्यक्ष रमेश गुप्ता, छात्र राजद के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष अविनाश कुमार उर्फ राजाबाबू, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मो. सज्जाद, युवा राजद के प्रदेश महासचिव विक्रांत यादव एवं विकास सहनी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।












