Advertisement

श्रावणी मेला 2026: तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन, श्रद्धालुओं को मिलेंगी सभी जरूरी सुविधाएं; डीएम ने किया निरीक्षण

-श्रावणी मेला 2026: तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन, श्रद्धालुओं को मिलेंगी सभी जरूरी सुविधाएं; डीएम ने किया निरीक्षण

मुजफ्फरपुर, 2 जुलाई 2026। श्रावणी मेला 2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद डीएम ने फकुली मोड़ से बाबा गरीब नाथ मंदिर तक श्रद्धालुओं के मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आकलन भी किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास में जिले समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा गरीब नाथ मंदिर में जलाभिषेक और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय पर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
भीड़ प्रबंधन को लेकर डीएम ने पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों का सुव्यवस्थित निर्धारण और श्रद्धालुओं के निर्बाध आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू करने, पार्किंग स्थलों का समुचित चयन, वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग और आवश्यकतानुसार डायवर्जन व्यवस्था लागू करने को कहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर सूचना एवं दिशा-निर्देश संबंधी संकेतक लगाने के भी निर्देश दिए गए।
डीएम ने पूरे मेला अवधि में नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और कर्मियों की उपलब्धता हर समय बनी रहनी चाहिए।


स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र और श्रद्धालुओं के विश्राम स्थलों पर मेडिकल कैंप, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, एम्बुलेंस, आवश्यक दवाएं और जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल इलाज उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान फकुली मोड़ से बाबा गरीब नाथ मंदिर तक पूरे मार्ग पर स्वच्छ पेयजल, अस्थायी शौचालय, विश्राम स्थल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और नियमित कचरा निष्पादन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में डीएम ने टीबी मुक्त भारत अभियान को भी श्रावणी मेला के दौरान प्रभावी ढंग से चलाने पर जोर देते हुए संभावित टीबी मरीजों की पहचान, जांच और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए। उन्होंने अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ सेवाएं देने और मरीजों को नियमित दवाएं उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि श्रावणी मेला के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा श्रावणी मेला 2026 का शांतिपूर्ण और सफल आयोजन सुनिश्चित हो।