-जानकी मंदिर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योग शिविर, 2000 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा
जनकपुरधाम, मिश्री लाल मधुकर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनकपुरधाम स्थित जानकी मंदिर परिसर में शुक्रवार को भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। भारतीय वाणिज्य महादूतावास वीरगंज, जानकी मंदिर एवं जनकपुरधाम उप-महानगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में दो हजार से अधिक लोगों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव, मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री कृष्ण प्रसाद यादव, मधेश प्रदेश के सभामुख रामाशीष यादव, जनकपुरधाम के मेयर मनोज कुमार साह तथा भारतीय वाणिज्य महादूत देवी सहाय मीणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री कृष्ण प्रसाद यादव ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग स्वस्थ और निरोग जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, किडनी, थायराइड, पेट एवं श्वास संबंधी कई बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र संघ ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी, जिसके बाद आज पूरी दुनिया योग दिवस मना रही है।
काठमांडू से आईं साध्वी देवी कृपा ने योग शिविर में प्रशिक्षण दिया। उन्होंने प्रतिभागियों को अनुलोम-विलोम, कपालभाति, वज्रासन, शवासन समेत कई महत्वपूर्ण योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में भारतीय वाणिज्य महादूत देवी सहाय मीणा ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि मंच संचालन वाणिज्य दूत संजय मिश्र ने किया। योग शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया।












